तूतीकोरिन, 03 जुलाई।
तमिलनाडु के तिरुचेंदूर विधानसभा क्षेत्र से डीएमके विधायक और पूर्व मंत्री अनीता राधाकृष्णन को मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।
अनीता राधाकृष्णन पिछली डीएमके सरकार में मत्स्य पालन एवं मछुआरा कल्याण विभाग के मंत्री रह चुके हैं। हाल के दिनों में वह तमिलगा वेत्री कड़गम सरकार और मुख्यमंत्री विजय को लेकर दिए गए अपने बयानों को लेकर चर्चा में थे।
पुलिस के अनुसार पिछले महीने 20 जून को तूतीकोरिन जिले के आथूर में आयोजित डीएमके की एक आमसभा के दौरान अनीता राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री विजय को लेकर कथित रूप से मानहानिकारक और विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने विधानसभा में मुख्यमंत्री के बैठने के स्थान को लेकर भी आलोचना की थी।
इसके बाद तमिलगा वेत्री कड़गम के पदाधिकारियों ने आथूर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आगे की कार्रवाई करते हुए विधायक को गिरफ्तार कर लिया।

















