अपराध
03 Jul, 2026

नेपाल बॉर्डर से दिल्ली तक फैले ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने नेपाल सीमा से चरस की तस्करी कर राजधानी और एनसीआर में सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार कर 8.598 किलोग्राम चरस बरामद की है।

नई दिल्ली, 03 जुलाई।

राजधानी दिल्ली में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ ने तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.598 किलोग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब नौ करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह भारत-नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थ दिल्ली लाकर राजधानी और एनसीआर में उसकी सप्लाई करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्योति पुन मगर, भारत थापा और गोविंद बुद्धागुप्त के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करी का पूरा नेटवर्क व्हाट्सएप, डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, नेपाल में मौजूद सप्लायर और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय खरीदारों की पहचान में जुटी है।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटला मुबारकपुर क्षेत्र में रहने वाले तीन नेपाली नागरिक बड़े पैमाने पर चरस तस्करी में शामिल हैं। जानकारी मिलने के बाद स्पेशल स्टाफ ने कई दिनों तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 29 जून को उनके ठिकाने पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

छापे के दौरान तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से कुल 8.598 किलोग्राम चरस बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि ज्योति पुन मगर पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक था। आरोप है कि वही नेपाल में बैठे सप्लायर से संपर्क करता था और सोनौली बॉर्डर के रास्ते चरस दिल्ली मंगवाता था। इसके बाद भारत थापा और गोविंद बुद्धा दिल्ली तथा एनसीआर के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार तीनों काफी समय से इस गतिविधि में शामिल थे।

जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहक व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर ऑर्डर देते थे और भुगतान यूपीआई व अन्य डिजिटल बैंकिंग माध्यमों से किया जाता था। हर लेन-देन के बाद आरोपी व्हाट्सएप चैट, कॉल हिस्ट्री और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड हटा देते थे, ताकि उनके नेटवर्क का कोई सुराग न मिल सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी डिलीवरी के लिए किसी एक वाहन का लगातार उपयोग नहीं करते थे। वे अलग-अलग स्थानों तक पहुंचने के लिए ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सी का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी गतिविधियों का पता लगाना कठिन हो जाता था।

प्रारंभिक जांच में पूरे नेटवर्क के तार भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मिले हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों और अन्य पहलुओं की जांच कर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है। तीनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं और दक्षिण दिल्ली के कोटला मुबारकपुर स्थित श्याम गली, नानक चंद बस्ती में रह रहे थे। शुरुआती जांच में उनके खिलाफ पहले किसी आपराधिक मामले का रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वे कब से इस नेटवर्क से जुड़े थे और अब तक कितनी खेप दिल्ली पहुंचा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार ज्योति पुन मगर के पास से 5.566 किलोग्राम, भारत थापा के पास से 1.552 किलोग्राम और गोविंद बुद्धागुप्त के पास से 1.480 किलोग्राम चरस बरामद हुई है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़