भोपाल, 03 जुलाई।
भोपाल शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, स्मार्ट सिटी मार्ग और बागसेवनिया चौराहे की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न चौराहों पर लेफ्ट टर्न को पूरी तरह बाधारहित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सुधार कार्य किए जाएं, ताकि व्यस्त समय में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने जेब्रा क्रॉसिंग, आवश्यक संकेतकों और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुधार समयबद्ध तरीके से किए जाएं।
कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र तथा डिपो चौराहे की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के बाद निर्णय लिया गया कि लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और यातायात पुलिस के समन्वय से चिन्हित यातायात हॉटस्पॉट पर शीघ्र सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।

















