बाड़मेर, 03 जुलाई।
राजस्थान पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) से मिले इनपुट के आधार पर बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बॉर्डर क्षेत्र के गागरिया गांव से हिरासत में लेने के बाद रामसर थाने में मामला दर्ज किया गया। फिलहाल एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गागरिया निवासी 20 वर्षीय बशीर पुत्र आमदन खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके संबंध शहजाद भट्टी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
जांच एजेंसियां लंबे समय से सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी से जुड़े और उसे फॉलो करने वाले संदिग्ध खातों पर नजर बनाए हुए थीं। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और उनके सोशल मीडिया अकाउंट के साथ ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बशीर पहले गुजरात में काम करता था और कुछ महीने पहले अपने पैतृक गांव गागरिया लौट आया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका संपर्क शहजाद भट्टी से कैसे हुआ, वह किन लोगों के संपर्क में था और उसकी गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है। फिलहाल पूरे मामले की जांच एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है।

















