जिनेवा, 06 जुलाई।
स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आज से संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) के तहत उपभोक्ता संरक्षण पर अंतर-सरकारी विशेषज्ञ समूह का नौवां सत्र शुरू हो रहा है। इस महत्वपूर्ण वैश्विक बैठक की अध्यक्षता भारत करेगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस सत्र में सदस्य देशों के अलावा अंतरराष्ट्रीय संगठन और शैक्षणिक जगत के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे इस सत्र की अध्यक्षता संभालेंगी और वैश्विक स्तर पर उपभोक्ता हितों से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा का नेतृत्व करेंगी।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 'संयुक्त राष्ट्र उपभोक्ता उत्पाद सुरक्षा सिद्धांत' का शुभारंभ होगा, जिसे दिसंबर 2025 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अपनाया था। भारत इस दौरान एक उच्च-स्तरीय सत्र में इन सिद्धांतों के महत्व पर भी अपनी बात रखेगा।
इस बैठक में उपभोक्ता शिक्षा, सतत उपभोग और वैश्विक बाजारों में उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन किया जाएगा। साथ ही, सीमा-पार उपभोक्ता संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विशेष चर्चा होगी।


















