भोपाल, 06 जुलाई।
राजधानी भोपाल में मानसून के दौरान संभावित बाढ़ जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए भारतीय सेना पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को भोपाल के बड़े तालाब स्थित खानूगांव के सेलिंग नोड पर सेना द्वारा एक महत्वपूर्ण वार्षिक अभ्यास 'एक्स बाढ़ व्यवस्था' का आयोजन किया जा रहा है। इस सैन्य अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ राहत अभियानों की तैयारियों को परखना और आपदा प्रबंधन से जुड़ी नागरिक एजेंसियों के साथ समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाना है।
जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने बताया कि यह आयोजन 3 ईएमई सेंटर की 4 टेक ट्रेनिंग बटालियन के नेतृत्व में संपन्न हो रहा है। इसमें सेना के जवानों के अलावा एनडीआरएफ (NDRF), एसडीईआरएफ (SDRF), डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (DMI), स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SDMA) और होम गार्ड्स के साथ स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। संयुक्त राहत और बचाव रणनीतियों के इस व्यावहारिक प्रदर्शन से आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच आपसी सामंजस्य को नई मजबूती मिलेगी, जिससे संकट के दौरान जान-माल की हानि को न्यूनतम किया जा सकेगा।

















