कोच्चि, 06 जुलाई।
भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक का आज से कोच्चि, केरल में आगाज हो रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, इस मंच पर ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी एकजुट होकर महिलाओं के सशक्तिकरण और महिला-नेतृत्व वाले विकास के मुद्दों पर विमर्श करेंगे।
यह बैठक सदस्य देशों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और साझा प्राथमिकताओं पर सहमति बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन के दौरान महिला सशक्तीकरण के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से मंथन किया जाएगा, जो भविष्य में एक मजबूत कार्ययोजना तैयार करने में सहायक होगा।
इस कार्यक्रम में चार प्रमुख क्षेत्रों पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया गया है। इनमें शासन और नेतृत्व, वित्तीय समावेशन, डिजिटल पहुंच, कौशल विकास और उद्यमिता शामिल हैं। साथ ही, खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और पोषण के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी।
यह बैठक आगामी 8 और 9 जुलाई को आयोजित होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए एक ठोस आधार तैयार करेगी। इससे ब्रिक्स देशों के बीच सामूहिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।


















