भोपाल, 06 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से भोपाल और आसपास के 15 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। 173 एकड़ में फैले इस आधुनिक पार्क को 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस पार्क में उद्योग, आवास, कौशल विकास केंद्र और अन्य सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में 200 से अधिक दिग्गज निवेशक शामिल हुए।

इसी मंच से मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी महीने यह ऐतिहासिक कानून मध्य प्रदेश में प्रभावी हो जाएगा। सरकार ने इस कानून के लिए जनता से 10 लाख से अधिक सुझाव लिए हैं।
यह हाई-टेक पार्क आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गारमेंट और खिलौना उद्योग के लिए एक बड़ा केंद्र बनेगा। यहाँ 25 एकड़ में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर भी तैयार होगा। कार्यक्रम के दौरान ही सागर ग्रुप द्वारा 100 करोड़ के निवेश की शुरुआत की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद से अब तक 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने भोपाल गैस त्रासदी के आरोपितों को संरक्षण दिया था। अब उस परिसर से जहरीला कचरा साफ कर वहां स्मारक और अस्पताल बनाया जाएगा।


















