पेरिस, 06 जुलाई।
भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की खेल समिति ने हाल ही में फ्रांस के पेरिस और मार्सेय का एक महत्वपूर्ण दौरा संपन्न किया है। इस प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य खेल प्रशासन, बेहतर खेल अवसंरचना और ओलंपिक विरासत के सफल मॉडलों का अध्ययन करना था, ताकि भारत में खेलों के विकास और बड़े आयोजनों की मेजबानी के लिए नई दिशा मिल सके। बिजनेस फ्रांस के सहयोग से आयोजित इस दौरे में फिक्की के 20 से अधिक सदस्य शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मार्सेय के प्रसिद्ध वेलोड्रोम स्टेडियम का दौरा कर यह समझा कि खेल के बाद भी स्टेडियमों का व्यावसायिक और सांस्कृतिक उपयोग कैसे किया जा सकता है। साथ ही, टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 के नौकायन स्थलों और राष्ट्रीय खेल संस्थान (आईएनएसईपी) का भी जायजा लिया। फिक्की खेल समिति के सह-अध्यक्ष संजय अडेसरा ने कहा कि भारत खेल महाशक्ति बनने की राह पर है और फ्रांस का अनुभव हमारे लिए प्रेरणादायक है। इस दौरे के निष्कर्षों पर फिक्की एक श्वेत पत्र तैयार करेगी, जिसे सरकारी हितधारकों के साथ साझा किया जाएगा। भविष्य के सहयोग को और मजबूती देने के लिए नवंबर 2026 में फ्रांस का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत का दौरा करेगा।


















