नई दिल्ली, 06 जुलाई।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की 2025 में करूर में हुई रैली के दौरान मची भगदड़ के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की तैयारी कर ली है। सोमवार को वरिष्ठ वकील हुफैजा अहमदी ने जस्टिस अहासानुद्दीन अमानुल्लाह की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच के समक्ष मामले को मेंशन करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। अदालत ने इस गंभीर विषय पर संज्ञान लेते हुए कल, यानी 7 जुलाई को सुनवाई का आदेश दिया है।
यह मामला डीएमके नेता आरएस भारती द्वारा दायर एक याचिका से संबंधित है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सीबीआई जांच के घेरे में आए कुछ आरोपी, जो वर्तमान राज्य सरकार में मंत्री हैं, मामले के गवाहों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि 27 सितंबर 2025 को करूर में हुई इस दुखद भगदड़ में 41 लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। सुप्रीम कोर्ट ने 13 अक्टूबर 2025 को इस घटना की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे और इसकी निगरानी के लिए पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अजय रस्तोगी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। गवाहों को धमकाने के आरोपों के बाद अब यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।


















