लिस्बन, 06 जुलाई।
यूरोप के कई देशों में जंगल की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पुर्तगाल, ग्रीस और स्पेन में दमकल विभाग की टीमें भीषण आग को बुझाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं। पुर्तगाल की मदद के लिए स्पेन और इटली ने अपने विशेष दमकल दस्ते और विमान भेजे हैं।
ग्रीस के थेसालोनिकी शहर में एक रिसाइकिलिंग प्लांट में लगी आग के बाद जहरीले धुएं से प्रशासन ने निवासियों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। वहीं, राजधानी एथेंस के पास मांड्रा क्षेत्र में भी जंगल में आग लग गई है। इसे बुझाने के लिए 155 दमकलकर्मी, दर्जनों स्वयंसेवक और विमान तैनात किए गए हैं।
पुर्तगाल के वोजेला इलाके में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहाँ 1,200 से अधिक दमकलकर्मी और सैकड़ों गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 12,000 हेक्टेयर क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका है।
स्पेन के गिरोना क्षेत्र में भी शुक्रवार से लगी आग लगातार फैल रही है। लगभग 2,200 हेक्टेयर क्षेत्र को अपनी चपेट में लेने वाली इस आग का घेरा 40 किलोमीटर तक पहुंच गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने में अभी और समय लग सकता है।


















