शाजापुर, 06 जुलाई।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के सनकोटा बायपास पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस घटना में ट्रैक्टर पर सवार दोनों लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन घाटी उतरते समय निर्माणाधीन सड़क पर पड़े पत्थरों के कारण असंतुलित हो गया था, जिससे ट्रॉली पलट गई और सड़क पर प्याज की बोरियां बिखर गईं।
हादसे के बाद सड़क पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित हो गया था, लेकिन मौके पर पहुंची लालघाटी डायल-112 की टीम ने स्थिति को तुरंत संभाला। आरक्षक जितेंद्र मालवीय और पायलट कमलेश ने मोर्चा संभालते हुए बिखरी बोरियों को हटवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से दूर कर यातायात को सामान्य कराया। ग्राम सामगी कनार्दी निवासी महादेव गोठी और संग्राम गोठी अपनी फसल शाजापुर मंडी ले जा रहे थे। पुलिस की तत्परता और सक्रियता से बड़ा जाम लगने से बच गया और मार्ग पर आवाजाही सुचारू रूप से बहाल हो गई।


















