फर्रुखाबाद, 08 जुलाई।
कमालगंज थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से हत्यारोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीशचन्द्र ने बताया कि 7 जुलाई को मिली शिकायत में ग्राम कल्लू नगला के अवधेश और वीनेश पर सोनेलाल की हत्या का आरोप लगा था। शव को रास्ते में फेंकने की इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
पुलिस टीम लगातार इन हत्यारोपितों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने वीनेश को घेरने का प्रयास किया, तो उसने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान गोली आरोपी के पैर में लगी।
घायल अवस्था में आरोपी को तत्काल सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने अलग से मुकदमा दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस मामले में शामिल दूसरे नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और फरार अपराधी की तलाश तेज कर दी गई है।














