महोबा, 08 जुलाई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने मानवता की सारी हदें पार कर दीं। घर में घुसकर एक युवती के साथ अश्लीलता की गई और विरोध जताने पर उसके भाई का सिर फोड़ दिया गया।
पीड़िता के अनुसार, 30 जून की शाम जब वह रसोई में खाना बना रही थी, तब आरोपी करन वहां पहुंचा और बदसलूकी करने लगा। विरोध करने पर उसने गला दबाया और कपड़े फाड़े। शोर सुनकर जब भाई उसे बचाने दौड़ा, तो आरोपी ने डंडे से उस पर हमला कर दिया।
इतना ही नहीं, आरोपी करन ने अपने भाई भान और अन्य साथियों के साथ मिलकर भाई-बहन की बर्बरता से पिटाई की। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उप निरीक्षक शिवम पांडेय इस मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से गांव में काफी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।














