गोलाघाट, 08 जुलाई।
असम के गोलाघाट जिले में हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बसाकुमार गांव में घर लौट रहे एक व्यक्ति को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया है।
मृतक की पहचान लक्ष्मीराम तामूली के रूप में हुई है। स्थानीय निवासी नीतुल बरुवा पर आरोप है कि उसने अचानक लक्ष्मीराम पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित नीतुल बरुवा को गिरफ्तार कर लिया है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर किस रंजिश या कारण के चलते नीतुल ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
अधिकारी इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए गहन पूछताछ कर रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है।













