नोएडा, 08 जुलाई।
साइबर ठगों ने अब एक नई चाल चलकर नोएडा निवासी वीरेंद्र यादव को अपना शिकार बनाया है। बदमाशों ने वाहन चालान का झांसा देकर पीड़ित के बैंक खाते से 2 लाख 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर एक मैसेज मिला था, जिसमें ट्रैफिक चालान होने की बात कही गई थी। जैसे ही उन्होंने चालान देखने के लिए भेजी गई एपीके फाइल (APK file) को डाउनलोड किया, वैसे ही उनका फोन अपराधियों के कब्जे में चला गया।
थाना ईकोटेक-तीन प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि शातिर अपराधियों ने फोन को हैक करते ही बैंक खाते का पूरा विवरण हासिल कर लिया और मोटी रकम पार कर दी। मंगलवार की रात पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने आम लोगों को किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध फाइल को डाउनलोड न करने की सलाह दी है।














