महोबा, 08 जुलाई।
शहर के सुभाष नगर इलाके में एक अधिवक्ता के घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अपने पिता की हत्या के मामले में सुनवाई को प्रभावित करने के लिए आरोपी पक्ष पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप है।
पीड़िता एडवोकेट ज्योति सिंह परिहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सोनू और मोनू के परिजन उनके घर में जबरन घुस आए। उन्होंने मुकदमे को आगे न बढ़ाने के लिए भारी दबाव बनाया और मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
आरोपियों ने अधिवक्ता को धमकी दी कि उन्हें भी उनके पिता की तरह ही मौत के घाट उतार दिया जाएगा। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। शोर मचाने पर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें बचाया।
सदर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि अधिवक्ता की शिकायत पर अनिल सिंह और शिल्पा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उपनिरीक्षक शाहजहां अली को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिवक्ता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए निष्पक्ष सुनवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।














