देहरादून, 08 जुलाई।
राजधानी देहरादून के हर्रावाला इलाके में स्थित लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के समीप घने जंगल में रास्ता भटकने के बाद पांच महिलाएं फंस गईं, जिन्हें एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की तत्परता से सकुशल बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही डीसीआर देहरादून और स्थानीय चौकी को इस घटना की जानकारी मिली, मुख्यालय से मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के निर्देशन में एक बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
टीम ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के साथ मिलकर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। जंगल का इलाका बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद बचाव कर्मियों ने करीब 12 किलोमीटर तक पैदल सर्च ऑपरेशन जारी रखा। अपनी कड़ी मेहनत और सूझबूझ से टीम ने जंगल में रास्ता खो चुकी सभी महिलाओं की सटीक लोकेशन पता कर ली और उन्हें सुरक्षित खोज निकाला।
सफलतापूर्वक ढूंढने के बाद एसडीआरएफ ने सभी महिलाओं को जंगल से सुरक्षित बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। तत्पश्चात, सभी को हर्रावाला चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस साहसी अभियान के बाद महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सकुशल देख उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर खूब सराहना की जा रही है।














