कठुआ, 08 जुलाई।
कठुआ जिले में अवैध खनन माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी मोहिता शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गश्त के दौरान नियमों को ताक पर रखकर निर्माण सामग्री ले जा रहे दो डंपर और मौके पर सक्रिय एक एक्सकेवेटर मशीन को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा है।
घाटी पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के समय बिना वैध अनुमति के सामग्री ढो रहे दो डंपरों को अपने कब्जे में लिया। वहीं, दूसरी ओर लखनपुर पुलिस ने अवैध तरीके से खुदाई कर रही एक एक्सकेवेटर मशीन को रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए वाहनों को आगामी कानूनी प्रक्रियाओं के लिए भूविज्ञान एवं खनन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गैर-कानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या ऑपरेटर को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस प्रकार की सख्ती से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और प्रशासन अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।













