धर्मशाला, 08 जुलाई।
नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस की सीआईए टीम ने डमटाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब से लाई जा रही 274 ग्राम चिट्टा की बड़ी खेप बरामद की है।
टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की एक स्विफ्ट कार में सवार तीन संदिग्ध भदरोआ और कंडवाल इलाके में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी कर दी।
संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर पुलिस को पीछे की सीट पर मौजूद एक बैग से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। इस दौरान तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुनाल अरोड़ा, हैरी और मोहित कुमार के रूप में हुई है, जो पंजाब के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह साफ है कि यह तस्करों का एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क है। अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह खेप कहां से आई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।














