रोहड़ू, 08 जुलाई।
जिला शिमला के रोहड़ू में दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गहन जांच-पड़ताल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित ने 6 अप्रैल को रोहड़ू थाने में शिकायत दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से सोने के गहने और हजारों रुपये की नकदी पार कर दी है। बदमाशों ने अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की तकनीकी टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाला। इसी कड़ी के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल, दीपक घई और मेहर चंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपी पहले भी मंडी, कुल्लू और सोलन जिलों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।














