कूचबिहार, 10 जुलाई।
राज्य में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच शीतलकुची की भाजपा विधायक साबित्री बर्मन का निजी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया। शुक्रवार को मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
आरोप है कि गुरुवार को हैकरों ने विधायक के सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर उनके परिचितों को क्यूआर कोड भेजे और आर्थिक मदद के नाम पर रुपये मांगने शुरू कर दिए।
विधायक साबित्री बर्मन ने शुक्रवार को बताया कि उनके कई परिचितों को उनके नाम से संदेश भेजकर पैसे की मांग की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत माथाभांगा थाने की साइबर सेल में दर्ज कराई है।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ठगी के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। पहले फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को निशाना बनाया जाता था, लेकिन अब सीधे मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर परिचितों को धोखा देने की कोशिश की जा रही है। ऐसे मामलों में लोगों के झांसे में आने की आशंका अधिक रहती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठग अक्सर जनप्रतिनिधियों और वीआईपी लोगों को निशाना बनाते हैं, ताकि उनके प्रभाव का फायदा उठाकर आसानी से रुपये वसूले जा सकें। कूचबिहार जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने का संदेश मिलने पर पुष्टि किए बिना कोई भी राशि न भेजें। मामले की जांच साइबर शाखा कर रही है और साइबर फॉरेंसिक की मदद से आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।












.jpg)
