कांकेर, 15 जुलाई।
कांकेर पुलिस ने मंदिर चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए कोंडागांव निवासी आरोपित हरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर कांकेर, धमतरी और जगदलपुर जिलों के मंदिरों में चोरी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार वह ऐसे मंदिरों को निशाना बनाता था, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने कांकेर के शीतला मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी से 10 हजार रुपये नकद सहित कुल 2.47 लाख रुपये की चोरी की थी। इसके बाद उसने पास स्थित शनि मंदिर और शिव मंदिर की दान पेटियों से भी नकदी चुरा ली। तीन दिन बाद उसने कांकेर के दो अन्य मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार कांकेर में वारदात करने से पहले आरोपित ने धमतरी के भखारा, कुरुद और जगदलपुर के हनुमान मंदिर में भी चोरी की थी। वह पहले मंदिरों की रेकी करता था और विशेष रूप से बिना सीसीटीवी कैमरे वाले छोटे मंदिरों को चुनकर वारदात को अंजाम देता था।
आरोपित तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कांकेर जिले के 200 और अन्य जिलों के कुल 350 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। गहन पड़ताल के बाद कोंडागांव निवासी हरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
















