हरिद्वार, 15 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी का अचानक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां की व्यवस्थाओं को देखकर वे काफी नाराज हुए और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कॉलोनी में कई ऐसे लोग कब्जा जमाए बैठे हैं, जिनका सिंचाई विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। इनमें रिक्शा चालकों से लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारी तक शामिल हैं, जो सालों से सरकारी आवासों पर अवैध तरीके से रह रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जाधारियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के लिए डीएम ने प्रशासन की ओर से पूरी मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही निर्देश दिए कि भविष्य में केवल पात्र और अधिकृत व्यक्ति ही इन परिसंपत्तियों का उपयोग कर सकें, इसके लिए सख्त नीति अपनाई जाए।















