जयपुर, 15 जुलाई।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को देश की आर्थिक प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे केवल व्यापार ही नहीं बढ़ेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपनाई गई राष्ट्रहित आधारित कूटनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीतिक और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर देश के दीर्घकालिक हितों को प्राथमिकता दी है, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की साख मजबूत हुई है। इसी नीति के तहत कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते हुए हैं और यूके के साथ हुआ यह समझौता भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देगा। इससे भारतीय उद्योगों, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र को नए अवसर मिलेंगे। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता भारत की आर्थिक विकास यात्रा को और गति देगा।
महिला आरक्षण को लेकर पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम की ओर से उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर कांग्रेस का इतिहास देश के सामने है। उनका कहना था कि जब महिला आरक्षण लागू करने का अवसर आया, तब कई विपक्षी दलों का रुख भी स्पष्ट हो गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल समान अधिकार देना नहीं, बल्कि उन्हें विकास यात्रा का नेतृत्वकर्ता बनाना है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार केवल महिला सशक्तिकरण की बात नहीं करती, बल्कि महिला-नेतृत्व वाले विकास के दृष्टिकोण पर काम कर रही है। इसी सोच के तहत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक लाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने की संभावनाओं से कुछ राजनीतिक दलों की महिलाओं के प्रति सोच भी सामने आने लगी है।
















