भोपाल, 15 जुलाई।
राजधानी भोपाल में वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी चोरी होने के मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर चालान की कार्रवाई के दौरान पुलिस के कब्जे में रही स्कूटी बाद में एक अज्ञात युवक लेकर फरार हो गया। मामले में शिकायत पुलिस आयुक्त से की गई है।
शिकायतकर्ता ललरिया, बैरसिया निवासी नदीम आलम के अनुसार 13 जुलाई की रात करीब आठ बजे उनकी सुजुकी बर्गमैन स्कूटी उनके बहनोई मोहम्मद सगीर चला रहे थे। सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी रोककर उसकी चाबी अपने पास रख ली और 300 रुपये का चालान बनाया। तत्काल राशि उपलब्ध नहीं होने पर सगीर ने नदीम को मौके पर बुलाया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने स्कूटी की चाबी एक अज्ञात युवक को दे दी, जिसके बाद वह स्कूटी लेकर मौके से चला गया। नदीम का दावा है कि जब उन्होंने वाहन के बारे में जानकारी मांगी तो कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने अभद्र व्यवहार किया। उनका यह भी कहना है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने मंगलवारा, तलैया, हनुमानगंज और गौतम नगर थानों में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि किसी भी थाने में मामला दर्ज नहीं किया गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भी संबंधित स्थान पर चेकिंग अभियान चलने से इनकार किया है।
दूसरी ओर, जिन आरक्षक दिनेश डेहरिया पर आरोप लगाए गए हैं, उन्होंने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी को चाबी नहीं सौंपी थी। उनके अनुसार चाबी पहले से वाहन में लगी हुई थी और अज्ञात युवक स्कूटी लेकर भाग गया। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है।
मंगलवारा थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी हुई स्कूटी बरामद करने की मांग की है।
















