मुरादाबाद, 15 जुलाई।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक किशोरी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने बुलंदशहर निवासी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार पीड़ित किशोरी के मामा ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के मोहल्ला अकराबाद निवासी सादिक उनकी 17 वर्षीय भांजी को अपने साथ ले गया था। किशोरी के बरामद होने के बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी।
मझोला थाना क्षेत्र के सेक्टर प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने सादिक को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को मुरादाबाद लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
















