अपराध
15 Jul, 2026

गाली देने से रोकने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

अम्बिकापुर में गाली-गलौज करने से रोकने पर नाबालिग ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया।

अम्बिकापुर, 15 जुलाई।

अम्बिकापुर शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में चाकू हमला की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने से मना करने पर एक नाबालिग ने युवक के गले और चेहरे पर चाकू से कई वार कर दिए। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान बौरीपारा राजेश गली निवासी सागर सोनी (24) के रूप में हुई है, जो स्थानीय डांस टीचर दीपक सोनी का छोटा भाई है। घटना के समय सागर बस स्टैंड पर मोबाइल फोन से एक कंपनी के अधिकारी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक नाबालिग कथित रूप से नशे की हालत में अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। सागर द्वारा उसे ऐसा करने से रोकने पर वह आक्रोशित हो गया और चाकू हमला कर दिया।

घटना के समय सागर के दोस्त करन और अजीज भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बीच-बचाव कर हमलावर को दोबारा वार करने से रोका और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। चिकित्सकों के अनुसार अधिक खून बह जाने के कारण घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद सागर के भाई दीपक सोनी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

बुधवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। शहर के बीच हुई इस घटना के बाद स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और नाबालिगों से जुड़े अपराधों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़