कानपुर, 15 जुलाई।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को 26 किलो 70 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये है। मामले में आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हीरागंज पुल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पीपल के पेड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से 26 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र निवासी शनि साकेत और सोनू कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों वर्तमान में रीवा में किराये के मकान में रह रहे थे।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर आए थे और आगे ट्रेन के माध्यम से इसकी तस्करी करने की तैयारी में थे। इस मामले में जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच जारी है।
















