भोपाल, 15 जुलाई।
मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत बुधवार को भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल रैली और वाहन रैली निकालकर आमजन एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत पैदल रैली, वाहन रैली, छात्र-छात्राओं के साथ संवाद, जनसंपर्क कार्यक्रम और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
भोपाल पुलिस ने लोगों से आग्रह किया कि यदि उनके क्षेत्र, मोहल्ले या कॉलोनी में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी अथवा नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल 1933 हेल्पलाइन या संबंधित थाना पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि पुलिस और आमजन की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा तथा सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















