तेहरान, 15 जुलाई।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि हाल के अमेरिकी हवाई हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन केरमनपौर के अनुसार, घायलों में कम से कम तीन महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 222 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
हुसैन केरमनपौर ने कहा कि ये सभी लोग ईरान पर हाल में हुए अमेरिकी हमलों की ताजा श्रृंखला में घायल हुए हैं। हालांकि, उन्होंने हमलों की सटीक अवधि की जानकारी नहीं दी। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इससे पहले ईरान सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने दावा किया था कि दक्षिणी ईरान में हाल के अमेरिकी हमलों में 30 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। वहीं, ईरानी सेना का कहना है कि देश के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में स्थित एक सैन्य अड्डे पर रातभर हुए अमेरिकी हमलों में सात सैन्यकर्मियों की भी मौत हुई।
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को और तेज करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक से पहले फॉक्स न्यूज से बातचीत में डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका अगले तीन दिनों में ईरान पर और अधिक तीव्र हमले करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना की नजर पिकऐक्स माउंटेन पर बनी हुई है। अमेरिका और इजराइल का मानना है कि इस पहाड़ी के नीचे ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियां संचालित कर रहा है।















