अपराध
15 Jul, 2026

थाने में युवक से मारपीट के आरोप में मुख्य आरक्षी लाइन हाजिर

हमीरपुर के मुस्करा थाने में युवक से कथित मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरोपित मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

हमीरपुर, 15 जुलाई।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना परिसर में एक युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपित मुख्य आरक्षी दिनेश प्रसाद को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। मामले को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई बुधवार को की गई।

जानकारी के अनुसार मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गांव में रविवार शाम शराब पिलाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। बाद में दोनों पक्ष शिकायत देने के लिए कोतवाली पहुंचे। दूसरे पक्ष के साथ उसका भतीजा हेमंत राजपूत भी थाने पहुंचा था।

हेमंत का आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे वह अपने चाचा के साथ कोतवाली के बाहर बैठा था। उसका विवाद या शिकायत से कोई संबंध नहीं था और न ही उसका नाम किसी प्रकरण में दर्ज था। आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी दिनेश प्रसाद वहां पहुंचे और उसे जबरन थाने के अंदर ले जाकर लाठियों से मारपीट की।

पीड़ित के अनुसार इस घटना में उसके हाथ, पंजे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाया। अगले दिन घायल युवक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक के साथ मारपीट के मामले में दोषी मुख्य आरक्षी के विरुद्ध यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की गई है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़