देवरिया, 15 जुलाई।
देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल से 18 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। जांच के दौरान बरामद बाइक बिहार से चोरी की निकली, जिससे चोरी के एक पुराने मामले का भी खुलासा हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बनकटा थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुटियाभर मार्ग से चोरी की मोटरसाइकिल पर अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक बाल अपचारी को पकड़ लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 200-200 मिलीलीटर के 90 पाउच 'बंटी बबली' देशी शराब, कुल 18 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल का वास्तविक नंबर बीआर 29 एएन 1669 है, जबकि उस पर बीआर 28 एक्स 4784 की नंबर प्लेट लगाई गई थी। सत्यापन के दौरान यह भी सामने आया कि इस बाइक की चोरी के संबंध में बिहार के सिवान जिले के एमएच नगर थाने में वर्ष 2023 में मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल से जुड़े पुराने मामले का भी खुलासा किया है। पुलिस ने थाना बनकटा में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
















