सिलीगुड़ी, 15 जुलाई।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर तीनबत्ती मोड़ इलाके में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मामन राजा और खरिबुल आलम के रूप में हुई है। दोनों इस्लामपुर के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक इस्लामपुर से करीब 250 ग्राम ब्राउन शुगर बस के जरिए सिलीगुड़ी लेकर पहुंचे थे।
पुलिस का कहना है कि तीनबत्ती मोड़ पर बस से उतरने के बाद दोनों मादक पदार्थ की बिक्री की तैयारी में थे। इसी दौरान पहले से घेराबंदी कर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 250 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















