राजगढ़, 15 जुलाई।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की प्रवेश सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को प्राचार्य डॉ. आर.के. गुप्ता के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर प्रवेश सीटें बढ़ाने का निर्णय नहीं लिया गया तो छात्रहित में चरणबद्ध और लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। एनएसयूआई का कहना है कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय की प्रवेश क्षमता विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में काफी कम है।
संगठन के अनुसार, इसका सबसे अधिक प्रभाव ब्यावरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मेधावी एवं पात्र छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। सीटों की कमी के कारण कई विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। एनएसयूआई ने इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रवेश क्षमता में तत्काल वृद्धि की मांग की है।
एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और केवल सीटों की कमी के कारण किसी भी छात्र-छात्रा को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग से स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों स्तरों पर सीटें बढ़ाकर सभी पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय पंवार, ललित सोलंकी, अंकित दांगी, रामनिवास पंवार, विधानसभा उपाध्यक्ष लाला गुर्जर, बंटी सौंधिया, गिरिराज दांगी सहित एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग की होगी।
















