देवरिया, 15 जुलाई।
जिले में गो-तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बीती रात हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, वहीं उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला लार थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस चेकिंग के दौरान एक पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। तस्कर बैरियर तोड़कर भागे, लेकिन चनुकी मोड़ के पास वाहन एक पेड़ से टकराकर अनियंत्रित हो गया। गाड़ी रुकते ही सभी तस्कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बिहार के सिवान निवासी मोहम्मद मुन्ना के पैर में गोली लग गई। उसे तुरंत भाटपार रानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से तीन अन्य साथियों—चंदन चौरसिया, मोहम्मद फैजल और अनवर अंसारी को भी पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने गाड़ी से आठ गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित बरामद किया है। घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की सघन जाँच की जा रही है।
















