हमीरपुर, 15 जुलाई।
हमीरपुर जिले में झाड़-फूंक करने आए एक तांत्रिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गहरौली निवासी राहुल के अनुसार चरखारी थाना क्षेत्र के रिवई गांव निवासी तांत्रिक गया प्रसाद मंगलवार रात करीब आठ बजे उनके घर पहुंचे थे। राहुल का कहना है कि उस समय गया प्रसाद नशे की हालत में थे। भोजन करने के बाद बिजली नहीं होने के कारण दोनों लोग घर की छत पर सोने चले गए। रात करीब 11 बजे हल्की बारिश शुरू होने पर दोनों सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान गया प्रसाद गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
राहुल ने बताया कि परिजन रात में ही उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन गया प्रसाद ने खुद को लिटाने की बात कही। बुधवार सुबह वह मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के बड़े भाई देवीचरण परिजनों के साथ गहरौली पहुंचे। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शव को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















