अपराध
15 Jul, 2026

ऑनलाइन गेमिंग ऐप से साइबर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया

अजमेर पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

अजमेर, 15 जुलाई।

अजमेर की रामगंज थाना पुलिस और जिला साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर, दो एक्सटेंशन बोर्ड तथा अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से की जा रही धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर रामगंज थाना प्रभारी अनिल गुजराल और जिला साइबर सेल प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में न्यू चंद्र नगर स्थित एक मकान पर छापा मारा गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नागौर जिले के डाबोली मीठी निवासी रामकिशन उर्फ प्रकाश भीचर, खुनखुना थाना क्षेत्र के छोटी खाटू निवासी कैलाश तथा जायल थाना क्षेत्र के रोठू निवासी गोपाल डूकिया को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपित ऑनलाइन गेमिंग साइट के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। मौके से बरामद एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर और दो एक्सटेंशन बोर्ड का उपयोग कथित रूप से साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित रामकिशन उर्फ प्रकाश किराये के मकान से अपने सरगना द्वारा उपलब्ध कराई गई लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए लैपटॉप और मोबाइल फोन का उपयोग कर अवैध गेमिंग साइट संचालित करता था तथा ऑनलाइन गेम खेलने वाले लोगों से धोखाधड़ी करता था।

इस मामले में रामगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस गिरोह के सरगना और पूरे साइबर नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़