नोएडा, 15 जुलाई।
नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र स्थित म्याना गांव में रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि मृतका की पहचान पायल, पुत्री विनोद, के रूप में हुई है। वह म्याना गांव की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, उसने मंगलवार रात अज्ञात कारणों से अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
















