कांगड़ा, 15 जुलाई।
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ा जिले की इंदौरा तहसील के छन्नी गांव से 11 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने सास और दामाद को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना डमटाल की टीम क्षेत्र में गश्त और नशीले पदार्थों की जांच के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि छन्नी निवासी पिंकी पत्नी दलीप कुमार अपने दामाद आकाशदीप पुत्र सरफु सिंह, निवासी महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के साथ मिलकर अपने घर से आने वाले लोगों को चिट्टा बेच रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पहली मंजिल पर बने कमरे में लकड़ी की अलमारी के पास रखे नीले रंग के प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे से एक काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफा खोलने पर उसमें हल्के भूरे और सफेद रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला।
बरामद पदार्थ की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर उसके हेरोइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















