हरदा, 15 जुलाई।
न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी और लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को हरदा जिले में किसानों ने इंदौर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब पांच हजार किसान सड़क पर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन धीरे-धीरे बड़ा रूप लेता गया। हजारों किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने हाईवे पर टेंट लगाने से रोकने का प्रयास किया तो कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी, लेकिन बाद में एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। प्रदर्शन शुरू होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों से ट्रैक्टरों के जरिए किसानों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
धरना स्थल पर किसान नेता ट्रैक्टरों पर खड़े होकर किसानों को संबोधित करते रहे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद किसानों के हितों की अनदेखी की जाती है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो इसका जवाब आगामी चुनावों में दिया जाएगा।
आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने दावा किया कि आंदोलन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से 20 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे। किसानों का कहना है कि सरकार केवल 25 प्रतिशत मूंग की खरीदी कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि पहले प्रति हेक्टेयर 10 से 12 क्विंटल तक खरीदी होती थी, लेकिन इस बार अधिक उत्पादन होने के बावजूद इसे घटाकर तीन क्विंटल प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों की प्रमुख मांगों में ग्रीष्मकालीन मूंग की 100 प्रतिशत उपज की एमएसपी पर खरीदी, जिले में मूंग खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाना और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के बैंक खातों में जल्द जारी करना शामिल है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आपातकालीन सेवाओं का भी ध्यान रखा। उन्होंने एम्बुलेंस और स्कूल वाहनों को बिना किसी बाधा के गुजरने दिया, ताकि मरीजों और बच्चों को परेशानी न हो।
उधर, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसपी शशांक के निर्देश पर नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, इंदौर और छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मौके पर एसडीओपी शालिनी परस्ते, एसडीएम अशोक डेहरिया सहित करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हाईवे बंद होने के कारण प्रशासन ने कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया है, जिससे इंदौर और हरदा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है।
















