हल्द्वानी, 15 जुलाई।
रामपुर रोड स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात नकाबपोशों ने डॉक्टरों के दो बंद आवासों का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी तब हुई जब डॉक्टर समीर पांडे और डॉक्टर प्रेरणा चमोली अपने घर पहुंचे। घरों के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में यह एक सुनियोजित चोरी प्रतीत हो रही है।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नकाबपोश देर रात करीब दो बजे परिसर में घूमते हुए कैद हुए हैं। शातिर चोरों ने पहले सामने के फ्लैट के कुंडे बाहर से बंद किए ताकि कोई बाहर न आ सके और फिर आराम से वारदात को अंजाम दिया।
परिसर में सुरक्षा गार्ड और पुलिस चौकी होने के बावजूद इस तरह की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पीड़ित डॉक्टरों ने पुलिस को तहरीर दे दी है, जिसके आधार पर अब चोरी हुए सामान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना के बाद से ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।















