भोपाल, 15 जुलाई।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई तक संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत जीआरपी भोपाल ने रेलवे स्टेशन परिसर में जनजागरूकता रैली निकाली। रैली में रेल रक्षा समिति के सदस्य, कुली, वेंडर्स, ऑटो चालक और आम नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्ति का संदेश दिया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों, युवाओं, महिलाओं और अन्य लोगों को पंपलेट वितरित किए गए। इसके माध्यम से मादक पदार्थों और अन्य प्रकार के नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक तथा पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील करते हुए शपथ भी दिलाई गई।
इसी अभियान के तहत ओरिएंटल कॉलेज के हॉस्टल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हॉस्टल में रहने वाले करीब 300 छात्रों को नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे से बचाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि इसका असर शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन पर पड़ता है। उन्होंने छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर हॉस्टल वार्डन भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और इस जनजागरूकता अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
















