नागदा, 15 जुलाई।
युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, नागदा (रूपेटा) के तत्वावधान में बुधवार को 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.बी. रेड्डी के मार्गदर्शन में आयोजित रैली की शुरुआत नगर पालिका परिषद, नागदा से हुई। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां एनसीसी कैडेट्स ने "नशे से दूरी है जरूरी" और "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। नागरिकों ने भी अभियान का स्वागत करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के समापन पर सभी एनसीसी कैडेट्स और उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. के.सी. मिश्रा ने बताया कि संस्थान की ओर से समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
















