राजनीति
15 Jul, 2026

भारत टेक्स-2026 में निवेशकों से संवाद करेंगे मोहन यादव

भारत टेक्स-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वैश्विक निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल, गारमेंट और औद्योगिक निवेश अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे।

नई दिल्ली, 15 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 में शामिल होकर देश-विदेश के प्रमुख निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को नए आयाम देने के उद्देश्य से राज्य की औद्योगिक क्षमताओं को प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री भारत मंडपम में आयोजित विभिन्न निवेश और औद्योगिक कार्यक्रमों में भाग लेकर प्रदेश की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना तथा टेक्सटाइल और गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक निवेश अवसरों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत को अवगत कराएंगे। वन-टू-वन बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, एमओयू तथा निवेशक संवाद के माध्यम से टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर क्षेत्र में नए निवेश को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भारत टेक्स-2026 प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और मध्यप्रदेश पवेलियन का भी निरीक्षण करेंगे। पवेलियन में प्रदेश की उद्योग हितैषी नीतियां, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक वैल्यू चेन को वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टेक्सटाइल और गारमेंट क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल चर्चा में भी भाग लेंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल एवं गारमेंट इकोसिस्टम, निवेश की संभावनाओं, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

राउंड टेबल को केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी संबोधित करेंगे। बैठक में 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में डिक्सन टेक्नोलॉजीस के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल लाल, टोपन के सीईओ मनोहरा कुमार, हेलियॉन के सीईओ केदार लेले तथा भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हैजिन्स्की दा नोब्रेगा भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री देश और विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार, निर्यात वृद्धि, रोजगार सृजन और तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री होटल द लीला में "मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर" विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र को संबोधित करेंगे। इस सत्र में प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं के साथ नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के साथ व्यक्तिगत बैठकों में प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की उन विशेषताओं को भी प्रमुखता से रखेंगे, जिनके कारण प्रदेश देश के अग्रणी टेक्सटाइल निवेश गंतव्यों में अपनी पहचान बना चुका है। देश के सबसे बड़े ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य के रूप में मध्यप्रदेश की पहचान, 'फार्म टू फैशन' की अवधारणा पर विकसित हो रहा टेक्सटाइल इकोसिस्टम और धार में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क वैश्विक निवेशकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा। साथ ही टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर क्षेत्र के लिए उपलब्ध औद्योगिक प्रोत्साहनों तथा निवेश सुविधाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।

इस अवसर पर कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी प्रस्तावित हैं। भारत टेक्स-2026 के माध्यम से मध्यप्रदेश का लक्ष्य टेक्सटाइल क्षेत्र में नए निवेश, रोजगार के अधिक अवसर, निर्यात विस्तार और दीर्घकालीन औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का आमंत्रण देंगे और मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा का सहभागी बनने का आह्वान करेंगे।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़