मीरजापुर, 15 जुलाई।
मीरजापुर जिले की कटरा कोतवाली पुलिस ने सर्राफा दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार पाठक के अनुसार 8 जुलाई को राजेंद्र नगर भटवा की पोखरी निवासी आकाश वर्मा ने अपनी सर्राफा दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद कटरा कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वाराणसी के पांडेयपुर निवासी राजकुमार पटेल और सोनभद्र जिले के दुद्धी निवासी शिवम मौर्य को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 195 पायल, 238 बिछिया, 37 सफेद धातु की अंगूठियां, 144 पीली धातु की अंगूठियां और 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरी की घटना का सफल खुलासा किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज कुमार पाठक, चौकी प्रभारी मंडी समिति उपनिरीक्षक महेंद्र पटेल, चौकी प्रभारी लालडिग्गी उपनिरीक्षक आनंद शंकर तथा कटरा कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















