दतिया, 15 जुलाई।
दतिया विधानसभा में प्रस्तावित उप निर्वाचन-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
जनसंपर्क अधिकारी आर.आर. पटेल ने बुधवार को बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालयीन स्टाफ को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही "एक पौधा लोकतंत्र के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की जा रही है।
विद्यालयों में रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वीप गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करना है।
















