जयपुर, 15 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बीकानेर इकाई ने कार्रवाई करते हुए पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के डिप्टी जनरल मैनेजर को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतकर्ता की फर्म बिजली लाइन बिछाने के लिए निर्धारित स्थान पर फाउंडेशन और अर्थिंग का कार्य कर रही थी। आरोप है कि काम को बिना बाधा जारी रखने के बदले आरोपित अधिकारी ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान यह सौदा 90 हजार रुपये में तय हुआ।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपित देवेश कुमार सिंह को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
एसीबी ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
















