शिवपुरी, 15 जुलाई।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी गई। बुधवार को पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता ही इसका प्रभावी उपाय है।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को नशे के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधानों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान जनजागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं, चित्रकला, निबंध, भाषण और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी लगातार नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
शिवपुरी पुलिस ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने की अपील की जाएगी। युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन, संग्रहण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
















