राजनीति
15 Jul, 2026

विधानमंडल लोकतंत्र की पाठशाला, सेवा और सहमति का देता है संस्कार : ओम बिरला

राजस्थान विधानसभा के 75वें स्थापना वर्ष के अमृत महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र की पाठशाला है, जहां संवाद, सहमति और सेवा के मूल्यों का संस्कार मिलता है।

जयपुर, 15 जुलाई।

राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को 'विधान गौरव यात्रा : भूतपूर्व एवं वर्तमान सदस्यों का सम्मेलन' आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधानमंडल केवल कानून बनाने वाली संस्थाएं नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र की ऐसी पाठशालाएं हैं, जहां जनप्रतिनिधियों को संवाद, अनुशासन, सहमति और सेवा के मूल्यों का संस्कार मिलता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल संवैधानिक प्रावधानों से नहीं, बल्कि जनविश्वास, गरिमा, संवाद और सेवा-भावना से मजबूत होता है।

ओम बिरला ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने राजस्थान विधानसभा को अपने सार्वजनिक जीवन की पहली पाठशाला बताते हुए कहा कि यहीं से प्राप्त लोकतांत्रिक मूल्य, संसदीय परंपराएं और विधायी अनुभव उनके राजनीतिक जीवन में मार्गदर्शक बने। उन्होंने कहा कि सदन में सुनने की संस्कृति और स्वस्थ बहस लोकतंत्र को समृद्ध बनाती है, जबकि व्यक्तिगत मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करते हैं। उनके अनुसार सदन में बोले गए प्रत्येक शब्द और हुई प्रत्येक बहस लोकतांत्रिक इतिहास का स्थायी हिस्सा बन जाती है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूरे होने का यह अमृत महोत्सव लोकतंत्र, जनआकांक्षाओं और प्रदेश की गौरवशाली संसदीय यात्रा का ऐतिहासिक उत्सव है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में 160 सदस्यों के साथ शुरू हुई विधानसभा की यात्रा आज लोकतंत्र, सुशासन और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। सरकारें और विचारधाराएं समय-समय पर बदलती रहीं, लेकिन जनहित सर्वोपरि रखने की भावना हमेशा कायम रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे वर्ष चलने वाला लोकतांत्रिक महोत्सव है। इसके तहत संसदीय और संविधान विशेषज्ञों के व्याख्यान, लोकतंत्र की चुनौतियों पर विमर्श, विधानसभा के डिजिटल रूपांतरण और नई पीढ़ी को संसदीय परंपराओं से जोड़ने जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इसे अनुभव, नवाचार और युवा ऊर्जा का समागम बताया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सभी अतिथियों तथा पूर्व और वर्तमान सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की विधायी यात्रा लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि अनुभवी और युवा जनप्रतिनिधियों का समन्वय संसदीय परंपराओं को और अधिक समृद्ध बनाता है। साथ ही उन्होंने ई-विधान और पेपरलेस व्यवस्था की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा विधानसभा परिसर में विकसित डिजिटल संग्रहालय, संविधान दीर्घा और वंदे मातरम दीर्घा जैसी पहल का भी उल्लेख किया।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान विधानसभा ने हमेशा पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच रचनात्मक संवाद की परंपरा को मजबूत किया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह महोत्सव केवल इतिहास का स्मरण नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े कानूनों और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी उत्सव है। उन्होंने सदन की बैठकों की संख्या बढ़ाने और प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। कार्यक्रम में वर्तमान और पूर्व विधायक सहित विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़